Posts

किस्से कहूँ

Image
कुछ पल हैं जो मुस्कुराहट मांगते हैं, कुछ लम्हें जो बस संग चलना चाहते हैं। ज़िंदगी यूँ तो रोज़ कुछ न कुछ कहती है, पर हर बात को सब समझ नहीं पाते हैं। चाय की चुस्की में बीते दिन याद आते हैं, ट्रैफिक में फँसे ख्वाब भी मुस्कराते हैं। कुछ अपने हैं जो दूर सही, पर दिल में अब भी पास से लगते हैं। कभी मोबाइल स्क्रीन से बातें कर लीं, कभी खिड़की से आती हवा से दिल हल्का कर लिया। हर चीज़ में एक साथी तलाशा, हर बात में थोड़ा सुकून पा लिया। मन तो करता है लिख दूँ सब कुछ कहीं, या कह दूँ किसी को यूँ ही चलते-चलते। फिर रुकता हूँ, सोचता हूँ — सोचता हूँ कुछ किस्से कहूँ, फिर सोचता हूँ किस से कहूँ।

घिबली ट्रेंड और सॉफ्ट लॉन्चिंग: प्यार का नया सिनेमाई अंदाज़

Image
अब सोशल मीडिया पर घिबली सौंदर्य केवल सुंदर नज़ारों और सुकून भरे माहौल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक नए रोमांस ट्रेंड का हिस्सा बन चुका है— सॉफ्ट लॉन्चिंग । पहले लोग अपने जीवनसाथी का सिर्फ़ हाथ, परछाईं या कोई छोटी सी झलक साझा करते थे, लेकिन अब इस ट्रेंड को एक नया रूप मिल गया है—सपनों जैसे घिबली शैली के दृश्यों के साथ अपनी प्रेम कहानी का ट्रेलर बनाने का! एक धुंधली अनौपचारिक तस्वीर, पीछे हाउल्स मूविंग कैसल का संगीत, और कैप्शन में कोई शायरी—"कहीं न कहीं एक दुनिया है जहाँ हम दोनों साथ हैं..." मतलब, औपचारिक रूप से घोषणा भी नहीं करनी और संकेत भी छोड़ना! एक ओर दुनिया चिंताओं में उलझी हुई है, और यहाँ लोग अपनी प्रेम कहानी को किसी जादुई जंगल में बुन रहे हैं। हक़ीक़त में शायद किसी चाट वाले भैया के ठेले पर पानीपुरी खा रहे हों, लेकिन तस्वीरों में ऐसा लगेगा जैसे किसी घिबली फ़िल्म का चरम दृश्य चल रहा हो! इस ट्रेंड की सबसे मज़ेदार बात यह है कि यह केवल एक सौंदर्यपूर्ण शैली नहीं, बल्कि नए ज़माने का रोमांस भी है। लोग अपनी ज़िंदगी को ड्रीमी, फ़िल्मी टच देना चाहते हैं, जहाँ हर पल किसी घिबली दृश...

हर दिन एक जैसा नहीं होता

किसी-किसी दिन हम चीज़ों को ज़्यादा महसूस करते हैं। सुने हुए गानों का मतलब उस दिन ज़्यादा गहरा लगने लगता है। खत्म हुई चीज़ें ज़्यादा दुख देती हैं। छोटी-छोटी बातें, जो बाकी दिनों में नज़रअंदाज़ कर देते हैं, उस दिन दिल को चुभ जाती हैं। पुराने ज़ख्म पर कोई ज़रा सा हाथ भी लगा दे, तो चीखने का मन करता है। ऐसे दिनों में मन भारी-भारी सा लगता है। बिस्तर पर लेटकर बस पंखे को घूरने का मन करता है, जैसे वो कुछ कह देगा। परफेक्ट से परफेक्ट चीजें भी उस दिन खोखली सी लगती हैं। दिल चाहता है कि खुलकर रो लें, सारा दर्द निकाल दें। लेकिन कमबख्त ज़िम्मेदारियाँ रोने तक का समय नहीं देतीं। जल्दी-जल्दी सब काम निपटाते हैं, यह सोचकर कि शाम को चैन से बैठकर रो लेंगे, इस दिन को जी भरकर कोसेंगे। मगर ये क्या, दिन तो खत्म हो गया। फिर अगला दिन आता है और वह दिन अपने साथ पिछले दिन की मायूसी नहीं लाता क्योंकि हर दिन एक जैसा नहीं होता।

भीड़ और लोगों के अप्रूवल्स इतने भी मायने नहीं रखते जितना हम मान बैठते हैं.

भीड़ और लोगों के अप्रूवल्स इतने भी मायने नहीं रखते जितना हम मान बैठते हैं. लोगों से उम्मीद रखना और इंतज़ार करने के मामलों में मैं एकदम ज़ीरो हूँ, और इसीलिए लोग जैसे दिखते हैं वैसे होते नहीं है तो मैं शांति से बिना बताए कनेक्शन कट कर लेता हूँ और अपनी धुन में लाइफ एन्जॉय करता हूँ. उनसे जवाब की अपेक्षा रखना, माफ़ी की चाहत या मन में टीस रखकर अपनी एनर्जी को खत्म करना मेरा तरीका नहीं है. मैं सारी दुनिया को एथिक्स नहीं सिखा सकता, लेकिन मैं खुद की मानसिक शांति ज़रूर बना कर रख सकता हूँ. और वैसे भी भीड़ चाहिए किसको? इतने से जीवन में थोड़े से लोग चाहिए बस जिनसे मन मिलना चाहिए और थोड़ा सा सुकून, बस इत्तु सा चाहिए!

समझ और परख

कल इंस्टाग्राम पर पढ़ा था, ज़िन्दगी में जब तक जिंदा हैं परेशानियां रहेंगी, बस शक्ल और उसके मायने बदल जाएंगे। मैं इस बात से सहमत भी हूँ, पर इन परेशानियों को समझ लेने या स्वीकार लेने की हिम्मत भी होनी चाहिए। हम किसी के चले जाने से इसलिए घबरा जाते हैं क्योंकि इसके बाद कि तैयारी हमने कहीं सीखी ही नहीं। हमें बस इतना पता है कि साथ रहने के लिए हम क्या क्या कर सकते हैं। मेरे साथ भी ऐसा ही है, मेरे पास समय का बस एक पक्ष ही है, जिसमे मुझे लगता है मैं सब ठीक कर लूंगा, पर इससे कम ही रहा। मैं कई बार अपने फैसलों पर गौर करता हूँ तो तब सही लग रहे सारे पॉसिबल फैक्ट्स अब बेकार लगते हैं। मेरा मन अजीब सा हो गया है। मुझे मालूम है कि मेरा मन शांत नहीं है लेकिन वो एक टक किसी चीज़ को देखकर सम्भल रहा है, किसी निश्चित दूरी को अंत तक समझ कर समय काट रहा है, सोच रहा है

आज मैं अपने बारे में बताता हूँ

कितने लोग कहते होंगे ना कि मैं सब समझता हूँ, कितने लोग कहते होंगे ना कि सब जानता हूँ मैं, कितने लोग कहते होंगे ना कि मैं सब जैसा नहीं हूँ, आज मैं तुम्हें अपने बारे में बताता हूँ मैं सब कुछ नहीं समझता हाँ, पर समझने का प्रयास करता हूँ कि वो सब समझ सकूँ जो समझने जैसा है।। मैं सब कुछ नहीं जानता मैं नहीं जानता किसी को रोकना मैं नहीं जानता रूठे हुए को मनाना मैं नहीं जानता मन के भाव व्यक्त करना मैं नहीं जानता दुःखी को उसके दुःखों से निकलना।। मैं सब जैसा ही हूँ मैं रोज़ गलतियाँ करता हूँ और करता हूँ उन्हें ना दोहराने का भरसक प्रयास क्योंकि ये ही सिखाती हैं कि फिर से क्या नहीं करना है तो कैसे प्रयास करना छोड़ दूँ मैं...!!

रात

Image
रात के 2 बजने को हैं और मैं सोने की बजाय छत पर मुंडेर पर पैर लटका कर बैठा हूँ। रेलवे स्टेशन भी घर के काफ़ी पास में है तो ट्रैन की आवाज़ें आ रही हैं। कहीं दूर किसी गली में कुत्ते के भौकने की आवाज़ आ रही हैं। शायद पास में ही किसी के यहां अखण्ड रामायण पाठ हो रहा है मगर इन सबसे अलग और सुकून देने वाली ठंडी और शांत हवा भी चल रही है जो शरीर को उसके ठंडे होने का एहसास करा रही है, और मैं भी महसूस कर रहा हूँ। मेरे चारों तरफ बस हल्की सी रोशनी है मैं अक्सर आधी रात को अपनी छत पर आकर बैठ जाता हूँ और खाली मन के साथ बैठा रहता हूँ। ना कुछ सोचता हूँ ऐसा जो मुझे परेशान करे बस ठंडी हवा को अपने अंदर निकलता रहता हूँ और ऐसा करने से कुछ टाइम के लिए ही सही पर हाँ इससे मुझे सुकून मिलता है। चलिए अब में छत से नीचे जा रहा हूँ। नींद तो अभी आएगी नहीं पर फ़िर भी सोने का प्रयास करूँगा और आखिर में सो जाऊंगा। © - शिवम